Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 का परिणाम गुरुवार को आधिकारिक रूप से जारी कर दिया। रिजल्ट को जैक के अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने जारी किया। जैक के अनुसार, रिजल्ट डिजिलॉकर पोर्टल पर प्रकाशित किया गया है, जहां छात्र अपना परिणाम देख सकते हैं। जैक की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष कुल 4,24,001 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 4,22,109 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 4,02,178 छात्र सफल रहे। इस प्रकार छात्रों का कुल पास प्रतिशत 95.278 दर्ज किया गया है। जैक की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस बार 2,26,957 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी से पास हुए हैं, जबकि 1,60,673 छात्र द्वितीय श्रेणी, जबकि 14,548 छात्र तृतीय श्रेणी से पास हुए हैं। वहीं श्रेणीवार परिणाम पर नजर डालें तो प्रथम श्रेणी में 2,26,957 छात्र, द्वितीय श्रेणी में 1,60,673 छात्र और तृतीय श्रेणी में 14,548 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। जैक ने सभी परीक्षार्थियों को सूचित किया है कि वे अपना परिणाम जैक के ऑफिशियल वेबसाइट जैक डॉट झारखंड डॉट जीओवी डॉट इन डिजिलॉकर के आधिकारिक लिंक रिजल्टस डॉट डिजिलॉक्रल डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर देख सकते हैं।
झारखंड में इस वर्ष दो छात्रा और दो छात्र हुए स्टेट टॉपर : झारखंड के मैट्रिक परीक्षा में इस बार दाे छात्रा और दो छात्र स्टेट टॉपर रहे। इनमें इंदिरा गांधी बालिका उच्च विद्यालय, हजारीबाग की छात्रा प्रियांशु कुमारी और सिमडेगा के बानो स्थित एसएस उच्च विद्यालय की शिवांगी कुमारी के अलावा रांची के मेसरा स्थित प्रेमचंद उच्च विद्यालय के प्रेम कुमार साहु एवं रांची के ही संत अलोइस उच्च विद्यालय सन्नी कुमार वर्मा टॉपर रहे। चारों छात्र-छात्राओं को 498 (99.50 प्रतिशत) अंक मिले हैं। वहीं सेकेंड टॉपर में गुमला के संत पैट्रिक्स उच्च् विद्यालय के छात्र दिव्यांशु उरांव, इसी विद्यालय के अखिलेश साहु और इंदिरा गांधी बालिका उच्च विद्यालय, हजारीबाग की छात्रा वैष्णवीश्री और इसी विद्यालय की एक अन्य छात्रा जुलिटा मिंज रहीं। इन चारों छात्र-छात्राओं को संयुक्त रूप से 496 (99.20 प्रतिशत) अंक मिले हैं। इसी प्रकार थर्ड टॉपर के रूप में रांची जिले के मांडर स्थित संत जॉन्स उच्च् विद्यालय नावाटांड के छात्र महताब अंसारी, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, ओरमांझी, रांची का छात्र प्रीत राज, इंदिरा गांधी उच्च विद्यालय, हजारीबाग की छात्रा अमीशा कुमारी और इसी विद्यालय की एक अन्य छात्रा दिप्ती रानी रहीं। इन चारों छात्र-छात्राओं को 494 (98.80) अंक प्राप्त हुए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य में मैट्रिक की परीक्षा 03 फरवरी से 17 फरवरी के बीच ली गई थीं। पिछले वर्ष 2025 की स्टेट टॉपर गीतांजलि नामक छात्रा थी जिसे 493 (98.6 प्रतिशत अंक) मिले थेे।
मैट्रिक परीक्षा में गुमला जिला रहा टॉप पर, दुमका दूसरे और पाकुड तीसरे स्थान पर : झारखंड में इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में गुमला जिला टॉप पर रहा, जबकि दुमका दूसरे और पाकुड तीसरे स्थान पर रहा। गुमला में 99.32 प्रतिशत छात्र सफल रहे, जबकि दूसरे स्थान पर रहे दुमका में 99.02 प्रतिशत और तीसरे स्थान पर पाकुड जिले में 98.56 प्रतिशत छात्र सफल रहे। वहीं रांची जिला के 15 वां स्थान रहा। रांची में कुल 94.75 प्रतिशत छात्र सफल रहे। इसके अलावा क्रमश: चौथे स्थाान पर पूर्वी सिंहभूम 98.02 प्रतिशत, लातेहार 96.90 प्रतिशत, बोकारो में 96.43 प्रतिशत, साहेबगंज में 96.22 प्रतिशत छात्र सफल रहे।इसके अलावा पलामू में 96.01 प्रतिशत, लोहरदगा में 95.85, धनबाद में 95.84, जामताडा में 95.61, सरायकेला-खरसावां में 95.36, देवघर में 95.28, हजारीबाग में 94.90, रामगढ में 94.70, पश्चिमी सिंहभूम में 94.70, गिरिडीह में 94.50, गोडडा में 93.30, कोडरमा में 93.86, सिमडेगा में 92.29, गढवा में 91.71, खूंटी में 91.58 और चतरा जिले में 91.20 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं।
