By Sunil
50 हजार की लागत का होगा एक स्टॉल, महिला और दिव्यांग को प्राथमिकता
रांची: रांची में सड़क के किनारे फल और सब्जी बेचने वालों को रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर नमो स्टॉल (ठेला) उपलब्ध कराए जाने की योजना है। लगभग 50 हजार की लागत वाला यह मोबाइल स्टॉल इन्हें निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। स्टॉल को इस तरह से डिजाइन कराया गया है कि इसमें पर्याप्त मात्रा में फल और सब्जी को भी स्टॉक करके रखा जा सकेगा। रक्षा राज्य मंत्री ने रांची शहर में सड़क के किनारे और गली मोहल्लों में सब्जी फल बेचने वालों के लिए यह पहल की है। इस पहल में महिला, दिव्यांग जन को प्राथमिकता दी जाएगी। बेंगलुरु और मुंबई जैसे महानगरों की तर्ज पर रांची में भी सब्जी और फल विक्रेताओं का व्यवसाय चले और सड़कों पर ट्रैफिक अव्यवस्थित नहीं हो, इस उद्देश्य से यह पहल की गई है। कल शाम 4 बजे से नमो स्टॉल वितरण का शुभारंभ किया जाएगा।इस बाबत रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि
रेहड़ी-पटरी वाले केवल हमारे शहर ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। इन्हें सशक्त करना, देश की आर्थिक मजबूती को सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से रांची लोकसभा क्षेत्र में फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए ह्लनमो स्टॉल (ठेला)ह्व वितरण योजना की शुरुआत की जा रही है। मेरी पहल पर इन परिश्रमी छोटे व्यवसायियों को यह स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वो अपने मोहल्ले में घूम-घूम कर अपने व्यवसाय को गति दे सकें। स्वच्छ रांची – समृद्ध रांची की दिशा में यह पहल बहुत ही सहयोगी सिद्ध होगी। कल से इस जनहितकारी पहल का शुभारंभ होने जा रहा है। श्री सेठ ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर अपने छोटे व्यवसायियों को सशक्त बनाने की इस मुहिम का हिस्सा बनें।
