SUNIL KUMAR
साहिबगंज: जिले के तालझारी प्रखंड मे सोमवार को “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में गोभक्तों, संत समाज के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देशभर में देशी गोवंश की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से सशक्त केंद्रीय कानून बनाने तथा गो पालन मंत्रालय की स्थापना की मांग करना था। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारत के प्रधानमंत्री के नाम एक प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर कर अपनी मांगों को रखा। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि वर्तमान समय में गोवंश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिसमें तस्करी, अवैध वध तथा सड़कों पर उनकी दुर्दशा प्रमुख समस्याएं हैं।
आयोजकों ने कहा कि गोवंश केवल आस्था का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला भी है। उन्होंने यह भी कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” के निर्माण में गो आधारित प्राकृतिक कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में आगे आएं और इस अभियान से जुड़कर गोवंश के संरक्षण एवं सम्मान के लिए अपनी आवाज बुलंद करें। कार्यक्रम के समापन के पश्चात उपस्थित सदस्यों द्वारा सीओ सह बीडीओ राम सुमन प्रसाद को ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर बजरंगी महतो, ओमल कुमार मंडल, शेखर कुमार महतो, श्रीराम महतो, मुन्ना पांडेय, अमित कुमार, अशोक कुमार उर्फ डीके स्टार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
