पुलिस से शिकायत के बावजूद दूसरे दिन भी महिला के घर पर हुआ हमला

360° Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

बख्शे नहीं जाएंगे उपद्रवी : थाना प्रभारी

​मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के कल्याणी बस्ती में एक महिला द्वारा सुरक्षा की गुहार लगाने के बावजूद असामाजिक तत्वों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पीड़िता पा़रो देवी द्वारा थाना में लिखित आवेदन देने के अगले ही दिन बदमाशों ने पुनः उनके घर पर रात में धावा बोल दिया और दरवाजे के साथ तोड़फोड़ की। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
​क्या है पूरा मामला ?
​पीड़िता पा़रो देवी ने पुलिस को बताया कि वे और उनके पति बीआईटी मोड़ पर मुर्गी का व्यवसाय करते हैं। पिछले कुछ दिनों से कुछ अज्ञात युवक उनके घर में घुसने का प्रयास कर रहे हैं। बीते कल भी शाम के वक्त बदमाशों ने उनके घर के दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़िता के अनुसार,घर के पास स्थित चमाईन बगान नशेड़ियों और अपराधी किस्म के लोगों का अड्डा बन गया है,जिससे उनके बच्चों और परिवार की सुरक्षा खतरे में है। ​इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अपराधियों के सामने झुकने वाली नहीं है। थाना प्रभारी ने कहा कि,हमें पीड़िता की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के बाद भी दोबारा हुई तोड़फोड़ की घटना को पुलिस ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी गई है और उन संदिग्धों की पहचान की जा रही है जो चमाईन बगान इलाके में जमावड़ा लगाते हैं। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि पीड़ित परिवार को घबराने की जरूरत नहीं है। शाम 7 से 9 बजे के बीच,जो कि संवेदनशील समय बताया गया है,उस दौरान पुलिस की पीसीआर वैन और गश्ती दल विशेष रूप से कल्याणी बस्ती और आसपास के बगान क्षेत्रों में निगरानी रखेगी। वहीं,स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Spread the love