EKsandeshlive Desk
गोड्डा: महागामा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा गोड्डा–महागामा राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर गम्हरिया के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान विपिन कुमार (30 वर्ष), निवासी कटिहार (बिहार) और सत्यम कुमार यादव (21 ) निवासी नूनाजोर के रूप में की गई है।
दोनों मित्र थे और किसी कार्य से बुलेट पर सवार होकर गोड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें छह से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। सूचना मिलते ही महागामा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को एंबुलेंस के माध्यम से रेफरल अस्पताल महागामा भेजा।
