दुकानों में सेंधमारी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार,भेजे गए जेल

360° Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

मेसरा: बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने दुकानों में सेंधमारी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधियों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्कूटी बरामद की हैं। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस को 2 मई की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि बीआईटी मेसरा क्षेत्र के चुटु बस्ती में कुछ संदिग्ध युवक चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की और घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में राहुल प्रधान (22 वर्ष,खूंटी),प्रभात कुमार राम उर्फ प्रीत वर्मा (22 वर्ष,नामकुम) और विकास कुमार यादव (38 वर्ष,रातू रोड) शामिल हैं। वहीं,पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान और वाहन जब्त किए हैं: होम्बई स्थित दुकान से चोरी की गई 20 लीटर फेविकोल की एक बाल्टी। केदल स्थित राशन दुकान से चोरी किए गए सरसों और सोयाबीन तेल के कुल 17 पैकेट। वारदात में प्रयुक्त दो स्कूटी जेएच 01 ईजेड 7649 एवं जेएच 01 बीडी 1581),पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही एक मई को मेसरा थाना क्षेत्र के होम्बई और केदल की दुकानों में ताला तोड़कर चोरी की थी। प्रभात कुमार राम ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसने राहुल प्रधान के साथ मिलकर इन वारदातों को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अप्राथमिकी अभियुक्तों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया,जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और पुराने आपराधिक इतिहास की तलाश कर रही है।

Spread the love