SUNIL KUMAR
बरहरवा (साहिबगंज): बरहरवा थाना क्षेत्र में 08 अप्रैल 2026 को हुई एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार को बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेवाल ने बरहरवा थाना में प्रेस कॉन्फेंस कर बताया कि अज्ञात वाहन से एक व्यक्ति को कुचलकर हत्या करने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद बरहरवा थाना कांड संख्या 85/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आगे बताया कि अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया और मामले में संलिप्त दो आरोपियों—इफ्तार शेख (23 वर्ष) एवं राशिद अली (35 वर्ष) को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आगे की जांच में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में मृतक की पत्नी पिंकी बीबी उर्फ पिंकी बेसरा (36 वर्ष), पति स्वर्गीय चंदन बेसरा, निवासी कालाडांगा, थाना फरक्का, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) का नाम सामने आया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे 05 मई 2026 को मालदा (पश्चिम बंगाल) से गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ नितिन खंडेवाल ने बताया कि पिंकी बीबी का राशिद अली के साथ अवैध संबंध था। इस संबंध की जानकारी उसके पति चंदन बेसरा को हो गई थी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते पिंकी ने अपने प्रेमी राशिद अली और उसके साथी इफ्तार शेख के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।
घटना के दिन पिंकी ने अपने पति को फोन कर बुलाया, जहां पहले से मौजूद राशिद अली और इफ्तार शेख ने मिलकर चंदन बेसरा की हत्या कर दी। बाद में शव को वाहन से कुचलकर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए सुनसान स्थान पर शव फेंक दिया गया।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी: बरहरवा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता अनिल कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
