शुभेंदु अधिकारी होंगे बंगाल के नए मुख्यमंत्री, अमित शाह की मौजूदगी में चुने गए भाजपा विधायक दल के नेता

NATIONAL

भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी बोले- ‘चरैवेति’ मंत्र के साथ आगे बढ़ेंगे

Eksandeshlive desk

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शिकस्त देने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है। शुक्रवार को आयोजित विधायक दल की बैठक में यह फैसला सहमति से लिया गया। भाजपा के विजयी 207 उम्मीदवारों के साथ बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहायक पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थित थे। नई सरकार का शपथ ग्रहण शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। काेलकाता के न्यू टाउन स्थित विश्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई बैठक में मुख्यमंत्री माझी ने भाजपा के विजयी विधायक के साथ बैठक की। वहां सर्वसम्मति से संसदीय दल के नेता के साथ-साथ मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु अधिकारी का नाम तय किया गया। शुभेंदु शुक्रवार काे ही लोकभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बंगाल के राजनीतिक गलियारों में पिछले कई दिनों से शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज थी। विधानसभा चुनाव में उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम में शिकस्त दी थी। वहीं, इस बार के चुनाव में शुभेंदु ने ममता के गढ़ भवानीपुर में उन्हें चुनौती दी और कामयाबी हासिल की। नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर मिली कामयाबी ने मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु की दावेदारी को और मजबूत कर दिया था। अब सभी की नजरें शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां नए मंत्रिमंडल की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार का मंत्र “चरैवेति” होगा, जिसका अर्थ है लगातार आगे बढ़ते रहना। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम करेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का बंगाल बनाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा के विजयी विधायकों की बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और पार्टी के अन्य नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने जनता को जो ‘गारंटी’ दी है, नई भाजपा सरकार उसे पूरा करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का सिद्धांत “मैं नहीं, हम” होगा और कम बोलकर ज्यादा काम करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव के दौरान जिन मुद्दों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, उन्हें पूरा किया जाएगा। महिलाओं पर अत्याचार और संस्थागत भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए आयोग गठित किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में भाजपा को इस बार करीब 46 प्रतिशत वोट मिले हैं और अगले चुनाव में इसे 60 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक काम और संकल्प पत्र को लागू कर जनता का विश्वास और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने अंत में कहा कि केंद्र और राज्य की “डबल इंजन सरकार” मिलकर काम करेगी और बंगाल को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाएगी। उल्लेखनीय है कि शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी उपस्थित रहने की संभावना है।

अमित शाह ने कहा-बंगाल की जनता का विश्वास टूटने नहीं देंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बंगाल की जनता का विश्वास टूटने नहीं देगी। शुक्रवार को कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद संवाद माध्यमों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा और नरेंद्र मोदी पर भरोसा करके बंगाल की जनता ने जो प्रचंड जीत दी है, उसके लिए मैं आभारी हूं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आपका विश्वास डिगे नहीं। हम सोनार बंगाल के लक्ष्य को जारी रखेंगे। गृह मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इसके बाद घुसपैठ और गौ तस्करी नहीं हो सकेगी। अमित शाह ने राजनीतिक हिंसा में मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं को याद करते हुए कहा कि 321 भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत के लिए अपनी जान दे दी। मैंने पूरे देश का दौरा किया है। ऐसी हिंसा हमने केरल और बंगाल के अलावा कहीं और नहीं देखी है। अमित शाह ने राजनीतिक हिंसा के शिकार हुए 321 भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों को नमन किया। बंगाल में बड़ी जीत के लिए अमित शाह ने बंगाल की जनता के साथ-साथ चुनाव आयोग, राज्य प्रशासन और राज्य पुलिस को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्हाेंने स्वामी रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानन्द, महर्षि अरविन्द और रवीन्द्रनाथ टैगोर जैसी महान विभूतियों का भी स्मरण किया।

तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए सीपीएम ने तमिलगा वेत्री कड़गम को समर्थन दिया

चेननई : तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम को समर्थन देने की घोषणा की है। माकपा के तमिलनाडु विधानसभा दल के नेता आर. चेल्लासामी ने तमिलनाडु के राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा है कि पार्टी के राज्य सचिव पी. शण्मुगम के निर्देश पर यह समर्थन दिया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि 23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणामों को ध्यान में रखते हुए तथा राज्य में स्थिर और लोकतांत्रिक सरकार के हित में यह समर्थन प्रदान किया जा रहा है। जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम फिलहाल सरकार बनाने के लिए आवश्यक समर्थन जुटाने की कोशिश में लगी हुई है। ऐसे समय में माकपा की यह घोषणा तमिलनाडु की राजनीति में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Spread the love