महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत, दहेज के लिए हत्या करने का लगाया गया आरोप

Crime Ek Sandesh Live

अशोक अनन्त
चतरा:
सदर थाना क्षेत्र के सीमा गांव निवासी कोयल देवी (22) पति चमन भुईयां की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी। मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि शुक्रवार की अहले सुबह चमन भुईयां के चाचा ने फोन पर मृतका के चाचा को सूचना दी कि कोयल देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग सीमा गांव पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।

मृतका की मां तुड़ाग गांव निवासी कचंती देवी ने बताया कि 2025 में पुत्री की शादी चमन भुईयां के साथ हुई थी। कुछ माह तक ठीक ठाक चला। इसके बाद दहेज में बाइक मांग करने लगे, नहीं देने पर पुत्री के साथ मारपीट व प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज को लेकर ही ससुराल वालों ने पुत्री की हत्या कर दी है और उसे आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। घटना से परिजनों का रो रोकर बूरा हाल है। इस संबंध में थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Spread the love