झारखण्ड की उच्च शिक्षा में सुधार का भरोसा अब राज्यपाल से: डॉ. सूरज मंडल

360° Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR VERMA

रांची: अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, पूर्व जैक उपाध्यक्ष और झारखण्ड मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. सूरज मंडल ने कहा है कि झारखण्ड गठन के बाद विशेष रूप से उच्च शिक्षा को हर सरकार को अपनी प्राथमिकता में सबसे नीचे तो रखा ही साथ ही शिक्षा वैसे भ्रष्टाचारी तत्वों का चारागाह बन गया जिसके कारण झारखण्ड की स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण और निराशाजनक है। डाॅ. मंडल ने कहा कि अत्यंत विपरीत स्थिति में पहुँचाई गयी उच्च शिक्षा क्षेत्र में सुधार का भरोसा अब केवल और केवल राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से ही है।
आज राजधानी रांची के लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर उन्हें इस संदर्भ में ज्ञापन सौंपने के बाद डाॅ. मंडल ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल से अपील की है कि झारखण्ड में उच्च शिक्षा में सुधार के लिये वे राज्य सरकार को सख्त कदम उठाने का निर्देश दें। साथ ही सभी विश्वविद्यालयों में प़्रति कुलपति की अविलम्ब नियुक्ति किया जाना भी बहुत जरूरी है।
डाॅ. मंडल ने कहा कि उच्च शिक्षा की स्थिति में सुधार से झारखण्ड के युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा और इसके लिये राज्य सरकार, राज्यपाल गंगवार के अनुभव का लाभ उठा सकती है लेकिन सरकार का उदासीन रवैया समझ से परे है। डाॅ. मंडल ने कहा कि उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा की दयनीय स्थिति एवं व्याप्त भ्रष्टाचार का खामियाजा झारखण्ड के आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। डाॅ. मंडल ने राज्यपाल से माँग की कि झारखण्ड में मुख्य सूचना आयुक्त एवं अन्य सूचना आयुक्तों के वर्षों से रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की जानी चाहिये। डाॅ. मंडल के साथ राज्यपाल से मिलने पहुँचे झारखण्ड मजदूर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध लकड़ा ने कहा कि आज राज्यपाल से रांची जिले के बेडो प्रखण्ड के जरिया पंचायत के दस पड़हा राजा गाँव कटरमाली में जनजातीय उरांव, महली और लोहरा समाज के परंपरागत मसना स्थल की जमीन को मुक्त कराने का भी आग्रह किया गया है जिसपर दबंग अतिक्रमणकारियों ने जबरन अपना कब्जा जमाया हुआ है। इस मामले में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के सम्मुख भी रखा गया पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने इस मामले में सकारात्मक आश्वासन दिया है।

Spread the love