विजय रविवार को लेंगे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ, 13 मई तक पेश करना होगा विश्वास प्रस्ताव

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

चेन्नई : तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने टीवीके चीफ विजय को मुख्यमंत्री मनोनीत किया है। विजय का शपथग्रहण समारोह रविवार को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टडियम में होगा और 13 मई तक विश्वास प्रस्ताव पेश करना होगा। तमिलनाडु लोकभवन ने इसकी पुष्टि की है। तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए अधिकतर विधायकों (120) का समर्थन मिलने के बाद विजय तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मिलने लोकभवन गए थे। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान विजय ने वीसीके और आईयूएमएल पार्टियों का समर्थन पत्र पेश किया था। विजय ने बहुमत के आधार पर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

इससे पहले तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) को विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) ने शनिवार को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा कर दी, जिसके बाद विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी किसी पार्टी के लिए यह प्रदर्शन ऐतिहासिक माना जा रहा है। 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी, जबकि टीवीके बहुमत से कुछ सीटें पीछे रह गई थी। शुरुआत में टीवीके और कांग्रेस विधायकों के समर्थन के बावजूद बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया था, लेकिन बाद में सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से यह संख्या बढ़कर 120 तक पहुंच गई। टीवीके नेता अर्जुन ने कांग्रेस, वामपंथी दलों और वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन का आभार व्यक्त किया। इस बीच राज्य की राजनीति में एक और मोड़ तब आया, जब इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने पहले टीवीके को समर्थन देने से इनकार किया, लेकिन बाद में समर्थन दे दिया। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को 10 मई तक बहुमत साबित करने का समय दिया था। पिछले कुछ दिनों में विजय ने कई बार राज्यपाल से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौंपे।

Spread the love