By Ashok Anant
चतरा: जिला दण्डाधिकारी उपायुक्त रवि आनंद ने गुरुवार को गिद्धौर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कर्मियों एवं पदाधिकारीयों की उपस्थिति की जांच करते हुए उपस्थिति पंजी, कार्यालय परिसर की साफ सफाई एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त को यह ज्ञात हुआ कि वर्षा होने पर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में जल जमाव की समस्या हो जाती है जिसके कारण कर्मियों एवं आम जनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उपयुक्त ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को समस्या के स्थाई समाधान हेतु प्रकरण तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया मौके पर उन्होंने कहा कि आम जनों से जुड़े मामलों का ससमय निष्पादन किया जाए। गिद्धौर प्रखंड के अंतर्गत पर्यटन स्थल बलबल के सौंदर्यीकरण और विकास के संदर्भ में भी चर्चा की। इसके उपरांत उपायुक्त प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया इस दरम्यान उन्होंने शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया अनुपस्थित शिक्षिकाओं के मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर छात्रावास भोजन कक्ष एवं रसोई घर का निरीक्षण कर साफ सफाई की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के क्रम में जिला उपायुक्त ने प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने रोस्टर के अनुरूप चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के उपस्थिति की भी जांच की। जिला उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं के भंडारण, साफ सफाई, पेयजल एवं मरीज को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों के अभाव की जानकारी मिलने पर उन्होंने सिविल सर्जन चतरा को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य केंद्र में जर्जर भवनों को भवन प्रमंडल से कंडम घोषित कर ध्वस्तिकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त के साथ अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सह परिवहन पदाधिकारी चतरा महेश्वरी प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी गिद्धौर राहुल देव समेत संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
