वेतन भुगतान में देरी पर शिक्षकों ने किया डीईओ कार्यालय घेराव

Education Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: आखिरकार प्रदेश के शिक्षकों का सब्र का बांध शनिवार को टूट गया। जिले के शिक्षकों ने मार्च और अप्रैल माह का वेतन लंबित रहने के विरोध में शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीईओ मनोज कुमार का घेराव किया। शिक्षक संघ के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।

शिक्षकों ने आरोप लगाया कि दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और उन्हें परिवार चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने कहा कि कई शिक्षकों ने बैंक से लोन लिया हुआ है, लेकिन वेतन नहीं मिलने के कारण समय पर ईएमआई जमा नहीं हो पा रही है। इससे उनके लोन बाउंस हो रहे हैं और बैंक की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

शिक्षकों ने यह भी बताया कि कई लोग अपने बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे परिवारों पर अतिरिक्त मानसिक दबाव बढ़ गया है। शिक्षकों का आरोप था कि डीईओ कार्यालय में विपत्र पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण वेतन भुगतान की प्रक्रिया रुकी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि नियमित रूप से सेवा देने के बावजूद शिक्षकों को समय पर वेतन क्यों नहीं मिल रहा है।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने जल्द वेतन भुगतान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। बाद में डीईओ कार्यालय की ओर से आश्वासन दिया गया कि मंगलवार तक दो महीने का वेतन एक साथ शिक्षकों के खातों में भेज दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद शिक्षकों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।

Spread the love