प्रशिक्षण शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका : देवी प्रसाद

360° Ek Sandesh Live

By sunil
रांची: सीसीएल ने बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभा के संवर्धन के लिए ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सोमवार को शुरूआत की, जो 31 मई तक चलेगा। इस शिविर में कुल 253 बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन वित विभाग के महाप्रबंधक डी. देवी प्रसाद ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री प्रसाद ने कल्याण विभाग द्वारा शिविर के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की आधारशिला होते हैं। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण शिविर का पूरा लाभ उठाएं तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लें। इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वॉलीबॉल प्रशिक्षण निशिकांत पाठक, संजय ठाकुर एवं सतीश कुमार द्वारा दिया जा रहा है, जबकि क्रिकेट प्रशिक्षण जीशान खान, धनंजय सेंद्रिय एवं लालन सिंह द्वारा प्रदान किया जा रहा है। इन अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में बच्चों को तकनीकी दक्षता एवं खेल कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं ने पंजीकरण कराया है, जो सीसीएल परिवार के बच्चों में खेलों के प्रति बढ़ती अभिरुचि को प्रदर्शित करता है।प्रतिभागियों के विवरण के अनुसार क्रिकेट में कुल 102 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 20 बालिकाएं और 82 बालक शामिल हैं। वॉलीबॉल में कुल 151 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 72 बालिकाएं और 79 बालक शामिल हैं। इस प्रकार दोनों खेलों में कुल 253 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 92 बालिकाएं और 161 बालक रहे।

Spread the love