नामकुम: स्थित सदाबहार चौक के चाय बागान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के माहौल में पंच दिवस काली पूजा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। जय माता दी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।पूजा के प्रथम दिन पंचांग पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। वहीं द्वितीय दिवस पंचांग पूजन, वेदी पूजन एवं बलिदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। तृतीय दिवस पर कन्या पूजन एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया।आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि कल दोपहर महाप्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा रात्रि 8 बजे से भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है, जहां देवी भजनों एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति होगी।मौके पर रोहितानंद महाराज ने कहा कि मां काली की पूजा केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं को अपनी संस्कृति एवं परंपरा से जोड़ते हैं।इस आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से परमानंद मिश्रा, मृत्युंजय मिश्रा, रोहितानंद महाराज, मिश्रा परिवार एवं समस्त चाय बागान निवासीगण सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
