चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 लाख का अवैध डोडा जब्त, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार

360° Ek Sandesh Live

By Ashok Anant

​अर्टिगा और होंडा अमेज कार से हजारीबाग भेजी जा रही थी खेप, पुलिस ने दो वाहन किए जब्त

चतरा:जिले की पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस ने चतरा-सिमरिया रोड पर चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान 324 किलोग्राम अवैध अफीम का डोडा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त डोडा की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही दोनों वाहनों के चालक और तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर पास के जंगल में भागने में सफल रहे।
​एसपी को मिली थी गुप्त सूचना, बनाई गई स्पेशल टीम
​मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि देर रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के देल्हो से सिमरिया की ओर एक अर्टिगा और एक होंडा अमेज कार में अवैध अफीम का डोडा लादकर हजारीबाग की ओर ले जाया जा रहा है।
​सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
​पुलिस को देख गाड़ी छोड़ भागे तस्कर
​छापेमारी टीम ने चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर मुस्तैदी के साथ चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान चतरा की ओर से आ रही अर्टिगा और होंडा अमेज कार को जब चौराहे के पास रोकने का इशारा किया गया, तो तस्करों में हड़कंप मच गया। पुलिस को सामने देख दोनों वाहनों के चालक गाड़ी को सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले।
​वाहनों की तलाशी में खुला राज
​जब पुलिस ने मौके पर दोनों लावारिस वाहनों की सघन तलाशी ली, तो भारी मात्रा में डोडा बरामद हुआ:
​अर्टिगा कार से: 169 किलोग्राम अवैध डोडा
​होंडा अमेज कार से: 155 किलोग्राम अवैध डोडा
​कुल बरामदगी: 324 किलोग्राम मादक पदार्थ
​पुलिस ने दोनों चार पहिया वाहनों को जब्त करते हुए सिमरिया थाना में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
​”जिले को नशामुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता” — एसपी
​एसपी अनिमेष नैथानी ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। पुलिस को तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (नेटवर्क) के बारे में अहम सुराग मिले हैं, और फरार आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने का संकल्प दोहराते हुए आम जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
​छापेमारी टीम में ये रहे शामिल:
​इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में SDPO सिमरिया के अलावा:
​सूर्य प्रताप सिंह (थाना प्रभारी, सिमरिया)
​लालेश्वर महतो (आरक्षी, IRB)
​गौरी शंकर पासवान (आरक्षी, IRB)
​लवन कुमार पासवान (चालक) शामिल थे।

Spread the love