Reporting by Mustaffa
मेसरा : बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के केदल स्थित शिव मंडा टांड़ में शनिवार रात को मंडा पूजा महोत्सव बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शिव मंडा पूजा समिति के अध्यक्ष महादेव करमाली के नेतृत्व में आयोजित इस अनुष्ठान में केदल,होम्बई,गेतलातू,फुरहुरा टोला और आसपास गांव के हजारों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। रात 9 बजे आयोजित फूलखुंदी कार्यक्रम के दौरान शिव भक्त (भोक्ताओं) ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। इसके बाद रात 11 बजे से मनमोहक छऊ नृत्य की प्रस्तुति की गई,जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रविवार सुबह 8 बजे पारंपरिक झूलन कार्यक्रम के साथ मुख्य अनुष्ठान समापन होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षा जगत के स्तंभ मनरखन महतो ने कहा,मंडा पूजा हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और अटूट आस्था का प्रतीक है। यह महोत्सव न केवल हमारी धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखता है,बल्कि समाज में आपसी भाईचारे,सुख-समृद्धि और एकता को भी मजबूत करता है। समिति के अध्यक्ष महादेव करमाली ने बताया कि महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार संध्या 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक एक भव्य नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें झारखंड के मशहूर कलाकार इग्नेश कुमार,कयूम अब्बास,पवन राजा,सुमन गुप्ता,चिंता देवी और पूनम कच्छप,डीजे बबलू के सेलेम बैंड की धुन पर समां बांधेंगे। मंच संचालन प्रसिद्ध एंकर राजू करेंगे। इस अनुष्ठान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में समाजसेवी लक्ष्मण महतो,रमेश करमाली,समिति के सचिव राजेश महतो,कोषाध्यक्ष सिकंदर कुमार महतो,उपाध्यक्ष विनोद कुमार,पंसस लीलावती देवी,कैलाश महतो,जितेन्द्र महतो,श्रवण करमाली,ग्राम प्रधान मधु पाहन,ग्राम प्रधान नीलमोहन मुंडा और सोहन मुंडा सहित पूजा समिति के सभी सदस्यों और ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही।
