संजय पांडेय आइडियल पत्रकार संगठन के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: आइडियल पत्रकार संगठन (कार्य क्षेत्र संपूर्ण भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से विचार-विमर्श के बाद वरिष्ठ पत्रकार संजय कुमार पांडेय को संगठन का कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की है। संजय पांडेय इससे पहले संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री के दायित्व पर थे। संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पांडेय को सौंपे गए नए दायित्व के तहत वे संगठन की राष्ट्रीय गतिविधियों और विभिन्न राज्यों की इकाइयों के साथ समन्वय में भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति के संबंध में संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनके पत्रकारिता अनुभव और संगठन में पूर्व में निभाई गई जिम्मेदारियों को भी ध्यान में रखा है।

संजय कुमार पांडेय तीन दशक से अधिक समय से पत्रकारिता से जुड़े हैं। वे वर्तमान में अंग्रेजी दैनिक ‘द इमर्जिंग वर्ल्ड’ के पॉलिटिकल एडिटर हैं। इससे पहले वे विभिन्न समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ और वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य कर चुके हैं। संजय पांडेय ने LL.B के साथ पत्रकारिता में स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है। वे प्रेस कानून और पत्रकारों के विधिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी काम करते रहे हैं तथा पत्रकारिता के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का अनुभव रखते हैं। संजय पांडेय ने कहा कि जिम्मेदारी को प्राथमिकता के साथ निभाऊंगा। कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर संजय पांडेय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा और संगठन के अन्य पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों से जुड़े सुरक्षा, आर्थिक स्थायित्व और विधिक संरक्षण जैसे विषयों पर संगठन के स्तर से प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को विभिन्न राज्यों में आगे बढ़ाने और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर समन्वय के साथ काम करने की बात कही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि संजय पांडेय की संगठन में पूर्व भूमिका और उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि नियुक्ति से पहले संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से विचार-विमर्श किया गया था। संगठन के अनुसार, इस अवसर पर कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि दीक्षित और विजय वर्मा, राष्ट्रीय प्रभारी आफताब आलम, राष्ट्रीय संयोजक लक्ष्मण सूर्यवंशी, प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव सूर्यकांत कदम, राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख आरिफ खान पठान, संयुक्त प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, राष्ट्रीय सचिव रशीद खान पठान और दिनेश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी भी चर्चा में शामिल रहे। संजय पांडेय की नियुक्ति पर विभिन्न राज्यों से पत्रकारों, मीडियाकर्मियों, अधिवक्ताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Spread the love