उपायुक्त ने की सड़क व बाईपास योजनाओं की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त रवि आनंद ने सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा करने को लेकर की बैठक
अशोक अनन्त
चतरा: जिले की महत्वपूर्ण सड़क और बाईपास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी रवि आनंद ने की। इस दौरान पथ निर्माण विभाग से संबंधित स्वीकृत और प्रगतिशील योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से भू-अर्जन, भारतमाला परियोजना, वन भूमि अपयोजन (Forest Land Clearance), यूटिलिटी शिफ्टिंग, भू-अर्जन राशि के हस्तांतरण और विभिन्न लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न सड़क एवं बाईपास निर्माण योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।
अनावश्यक विलंब पर जताई नाराजगी, समयबद्ध कार्य की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी संबंधित विभाग समयबद्ध और समन्वित तरीके से कार्य करें ताकि आम जनता को इन सड़कों का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
इन प्रमुख परियोजनाओं की हुई
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत भारतमाला परियोजना, एनएच-99 चतरा बाईपास सड़क निर्माण, राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-100 (नया 522) सिमरिया बाईपास निर्माण, पतरातु-हेन्देगीर-मैक्लुस्कीगंज पथ निर्माण, टण्डवा (MDR-72) सोपारम-बारियातु (NH-99) चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, घंघरी से कौलेश्वरी पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा धमनिया से शेरेगढ़ा पथ चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य सहित कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन और वन भूमि से जुड़े मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही, बिजली-पानी जैसी यूटिलिटी शिफ्टिंग की बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और भू-अर्जन राशि के हस्तांतरण के मामलों को तुरंत निपटाया जाए।
बैठक में ये रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वैभव कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (चतरा) जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी (सिमरिया)-सह-जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, भारतमाला परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, सभी संबंधित अंचल अधिकारी (CO), विभागीय पदाधिकारी और अभियंता मुख्य रूप से उपस्थित थे।
