झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा संपन्न, आगामी सत्र की योजनाओं पर हुई चर्चा

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन (जेएफए) की वार्षिक आम सभा (एजीएम) रविवार को धुर्वा स्थित जेएससीए परिसर में आयोजित की गई। बैठक अध्यक्ष अर्चित आनंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिला फेंसिंग संघों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्चित आनंद, उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह, महासचिव जय कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष करमबीर उरांव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट एवं लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सदस्यों द्वारा अनुमोदित किया गया। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं एवं चैंपियनशिप की तिथियों और आयोजन स्थलों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा झारखंड में फेंसिंग खेल के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर भी सहमति बनी। एजीएम में कार्यकारिणी के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष संजय मोहन ठाकुर, उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, आशुतोष, विजय मिरोदा, कुलवंत सिंह, दिनेश कुमार सिंह तथा संयुक्त सचिव राकेश कुमार मिश्रा, अनिल बनस्टोरे, अनुप राजेश लकड़ा एवं रामाशीष सिंह मौजूद रहे। उपस्थित जिला प्रतिनिधियों में रामगढ़ जिला फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश कुमार, सचिव राकेश मिश्रा एवं उपाध्यक्ष विजय राय, हजारीबाग से अनुप राजेश लकड़ा, धनबाद से अनिल बांसफोरे एवं विजय शंकर विश्वकर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे। अध्यक्ष अर्चित आनंद ने बताया कि झारखंड के बच्चों ने इस वर्ष के खेल कैलेंडर में कुल आठ पदक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्राप्त किया जो राज्य के लिए गर्व का विषय है। सीमित संसाधनों के बीच पदक जीतना खिलाड़ियों और उनके कोच की मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी। साथ ही बताया कि रांची जिले से प्रिंस को संघ का वरीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। महासचिव जय कुमार सिन्हा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में फेंसिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी जिला संघों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

Spread the love