By Ajay Raj
चापानल चालू होने पर ग्रामीणों ने विभाग और मीडिया का जताया आभार
प्रतापपुर(चतरा)::प्रतापपुर प्रखंड की चंद्री गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत टोंगरी पहाड़ी के समीप स्थित भारती टोला में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई है। बस्ती में दर्जनों परिवार निवास करते हैं और उनकी प्यास बुझाने के लिए एकमात्र चापानल ही सहारा था। पिछले कई दिनों से यह चापानल खराब पड़ा था तथा अत्यंत कम पानी दे रहा था, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।ग्रामीणों ने चापानल की मरम्मत को लेकर कई बार पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से गुहार लगाई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका था। इसके बाद दैनिक अखबार एक संदेश सहित अन्य मीडिया माध्यमों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता अमित कुमार ने मामले का त्वरित संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर खराब चापानल की मरम्मत कर उसे पूरी तरह चालू कर दिया। चापानल के दुरुस्त होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिली है।ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए पीएचईडी विभाग, कनीय अभियंता अमित कुमार तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने वाले मीडिया कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि समय पर पहल होने से उनकी बड़ी समस्या का समाधान संभव हो सका और अब उन्हें पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
