By Mustaffa
मेसरा (रांची): राजधानी रांची के बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो बीएड कॉलेज में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत कॉलेज परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में लगभग 200 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर संस्थान के अध्यक्ष,निदेशक,प्रबंधक और प्राचार्य ने भी पौधरोपण कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो ने प्रकृति संतुलन पर जोर देते हुए कहा,बढ़ते प्रदूषण को रोकने का एकमात्र उपाय अधिक से अधिक पेड़ लगाना है। विद्यार्थी केवल पौधे लगाएं ही नहीं,बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी पूरी देखभाल भी करें। निदेशक मनोज कुमार महतो ने कहा कि पर्यावरण बचाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। छात्र समाज के अग्रदूत हैं और उनके माध्यम से ही इस चेतना को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने परिसर को हमेशा इको-फ्रेंडली बनाए रखने की बात कही। वहीं प्राचार्य डॉ. दूधेश्वर महतो ने शिक्षा में पर्यावरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक भावी शिक्षक होने के नाते प्रशिक्षुओं को समाज में इस संदेश को आगे बढ़ाना चाहिए। इस अवसर पर कॉलेज के ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पूनम कुमारी,व्याख्यातागण,शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं भारी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित थे।
