बादाम कोल परियोजना में ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, बीजीआर इंफ्रा माइनिंग के साइट ऑफिस में तोड़फोड़

Ek Sandesh Live


हजारीबाग :बड़कागांव स्थित बादाम कोल खनन परियोजना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने बीजीआर इंफ्रा माइनिंग के साइट कार्यालय का घेराव कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यालय परिसर में जमकर तोड़फोड़ की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने साइट ऑफिस को चारों ओर से घेर लिया और कार्यालय के फर्नीचर, दरवाजे, खिड़कियों समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान परियोजना क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि परियोजना से प्रभावित लोगों की विभिन्न मांगों और समस्याओं की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण उनमें भारी नाराजगी है। हालांकि घटना के पीछे के कारणों और ग्रामीणों की मांगों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के बाद परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

Spread the love