वैश्विक और राज्य स्तर पर नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का होगा सम्मान

360° Ek Sandesh Live

NEWS BY BHASKAR

हजारीबाग : झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के तत्वावधान में आगामी 22 जून को रामेश्वर महतो उच्च विद्यालय, चंदा (इचाक) में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हजारीबाग की दो गौरवशाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में अमेरिका में आयोजित विज्ञान विषय की प्रतिष्ठित परीक्षा में विश्व के टॉप-5 वैज्ञानिकों में स्थान बनाने वाले डॉ. वेद प्रकाश रंजन और झारखंड मैट्रिक परीक्षा में राज्य की टॉपर रहीं प्रियांशु कुमारी को सम्मानित किया जाएगा। डॉ. वेद प्रकाश रंजन वर्तमान में आईआईटी जम्मू में प्रोफेसर सह डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें उपराष्ट्रपति के हाथों पीएचडी की उपाधि भी प्राप्त हो चुकी है। वहीं, हजारीबाग के लुपुंग गांव की रहने वाली प्रियांशु कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि यह हजारीबाग के लिए गर्व का क्षण है कि यहां के एक बेटे ने वैश्विक स्तर पर और एक बेटी ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने यह भी बताया कि 22 जून को विद्यालय परिसर के साथ-साथ हजारीबाग प्रेस क्लब में भी दोनों प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।

Spread the love