श्री गुरुनानक सत्संग सभा कृष्णा नगर कॉलोनी में विशेष दीवान सजा

360° Ek Sandesh Live


Ranchi धन-धन श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के पावन शहीदी गुरुपर्व के उपलक्ष्य में आज गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा कृष्णा नगर कॉलोनी में रात 8:00 बजे से विशेष दीवान सजाया गया. दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल द्वारा शबद गायन से हुई.‌हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह ने ” गुर अर्जन विठहु कुरबानी ज्याँ ने लीओ सिमरन हरि दानि..….” शबद गायन कर साध संगत को निहाल किया.हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह जी ने साध संगत से गुरमति विचार सांझा करते हुए गुरु अर्जन देव जी की शहादत के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि जहांगीर के आदेश पर गुरुजी को लाहौर के किले में कैद कर लिया गया.उन्हें कई दिनों तक भीषण गर्मी में तपती हुई लोहे की चादर पर बिठाया गया और उनके शीश तथा शरीर पर उबलती हुई गर्म रेत डाली गई,इन असहनीय यातनाओं के बावजूद गुरुजी ने ईश्वर का नाम लिया और “तेरा भाना मीठा लागे, हरि नाम पदार्थ नानक मांगे” का उच्चारण करते हुए शांत रहे.RR
दीवान में विशेष रूप से शिरकत करने पहुंची पटियाला वाली बीबी जसप्रीत कौर ने ” तेरा कीआ मीठा लागै हरि नाम पदारथु नानक मांगै……” एवं ” जपयो जिन अर्जन देव गुरु, फिर संकट जोन गरब ना आइयो……” तथा ” ताती वाऊ न‌ लगई पारब्रह्म शरनाई….” शबद गायन कर साध संगत को गुरबाणी से जोड़ा.श्री आनंद साहिब के पाठ, अरदास एवं हुक्मनामा के साथ दीवान की समाप्ति रात 11:45 बजे हुई. सत्संग सभा द्वारा रात 9:00 बजे से श्रद्धालुओं के बीच गुरु का अटूट लंगर चलाया गया.सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि दो दिवसीय समागम का अंतिम दीवान कल रविवार को प्रातः 11:00 बजे से सजाया जाएगा, जिसमें स्त्री सत्संग सभा, ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह जी की कथा, भाई महिपाल सिंह जी का कीर्तन तथा बीबी जसप्रीत कौर जी (पटियाला) द्वारा विशेष गुरबाणी कीर्तन होगा.श्री अनंद साहिब के पाठ, अरदास एवं हुक्मनामा के साथ दीवान की समाप्ति दोपहर तीन बजे होगी.दीवान समाप्ति पर सत्संग सभा द्वारा श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर चलाया जाएगा तथा छबील की सेवा भी की जाएगी.

Spread the love