By Mustaffa
मेसरा: देश को टीबी (क्षय रोग) से मुक्त बनाने की मुहिम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,ओरमांझी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत सीएमपीडीआईएल और आरके एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर की ओर से 70 टीबी मरीजों के बीच मुफ्त पोषण किट बांटी गई। यह कार्यक्रम ओरमांझी अस्पताल की प्रभारी डॉक्टर रेनू बाखला और सीएमपीडीआईएल के सीएसआर मैनेजर मनीष दोहरे की देखरेख में हुआ। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत सिर्फ ओरमांझी ही नहीं,बल्कि पूरे रांची जिले में 1550 टीबी मरीजों को पोषण किट देने का लक्ष्य रखा गया है। सीएमपीडीआईएल और आरके एचआईवी एड्स रिसर्च सेंटर मिलकर इन मरीजों की मदद कर रहे हैं,ताकि अच्छी खुराक मिलने से मरीज जल्दी ठीक हो सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आरके एचआईवी एड्स रिसर्च सेंटर की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। संस्था की तरफ से प्रोजेक्ट हेड योगिता बोरकर,प्रोजेक्ट कंट्रोलर अनी भूषण राय,प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर दीपक कुमार और गुड्डू ठाकुर मौजूद रहे। इस पूरे कार्यक्रम को बेहतर ढंग से आयोजित करने और मरीजों तक मदद पहुंचाने का काम ओरमांझी के एसटीएस संदीप सिंह ने किया। डॉक्टरों का कहना है कि टीबी की बीमारी में दवाओं के साथ-साथ अच्छे खान-पान की बहुत जरूरत होती है। संस्थान के इस सेवा भाव की स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
