By Mustaffa
ओरमांझी के 10 स्कूलों के 363 छात्र-छात्राओं के बीच बंटी साइकिलें,शेष 348 को भी जल्द
मेसरा (रांची): अभाव में किसी की प्रतिभा कुंठित नहीं होनी चाहिए। बच्चों को सही सुविधाएं मिलेंगी,तभी वे अपनी मंजिल पा सकते हैं। शिक्षा के रास्ते में दूरी अब बाधा नहीं बनेगी। यह बात स्थानीय विधायक राजेश कच्छप ने मंगलवार को ओरमांझी प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित साइकिल वितरण समारोह में कही। कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक ने अपने हाथों से बच्चों को साइकिल की चाबियां और साइकिलें प्रदान कीं। प्रथम चरण के तहत प्रखंड के 10 स्कूलों के 363 छात्र-छात्राओं को साइकिल दी गई है। नई चमचमाती साइकिलें पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से दमक उठे। कार्यक्रम में मौजूद कल्याण पदाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न स्कूलों से कुल 711 बच्चों का चयन इस योजना के लिए किया गया है। उन्होंने कहा,आज पहले चरण में 363 बच्चों को साइकिल दी गई है। जो बच्चे आज छूट गए हैं,उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है,जल्द ही दूसरे चरण में शेष 348 बच्चों को भी साइकिल का वितरण कर दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रोत्साहित करने पहुंचे इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से,प्रमुख अनुपमा देवी,उपप्रमुख रिजवान अंसारी,बीडीओ कामेश्वर बेदिया,सीओ उज्जवल सोरेन,विधायक प्रतिनिधि हरिमोहन महतो के अलावा विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि,स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
