नॉकआउट टूनार्मेंट में चार जिलों के 20 स्कूलों ने दिखाया दम,विजेताओं को मिला गोल्ड मेडल

360° Ek Sandesh Live


रिपोर्ट : मुस्तफा

मेसरा (रांची): माउंट कार्मेल स्कूल ओरमांझी के खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 12वीं सीआईएससीई जोनल फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। इस गरिमापूर्ण नॉकआउट टूनार्मेंट में रांची,हजारीबाग,खूंटी व कोडरमा जिले के कुल 20 प्रतिष्ठित स्कूलों की टीमों ने भाग लिया था,जिन्होंने तीन दिनों तक मैदान पर उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन छात्र व छात्रा वर्ग के विभिन्न आयु समूहों (अंडर-14,अंडर-17 और अंडर-19) के बेहद रोमांचक व कांटे के फाइनल मुकाबले खेले गए। बालक अंडर-14 के पहले फाइनल मैच में मेजबान माउंट कार्मेल स्कूल ओरमांझी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेंट फ्रांसिस स्कूल बनहोरा को 2-0 से शिकस्त दी और चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं,बालक अंडर-17 के कड़े मुकाबले में डॉन बॉस्को स्कूल कोकर की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए माउंट कार्मेल स्कूल ओरमांझी को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-19 बालक वर्ग के मुख्य फाइनल मैच में मेटास एडवेंटिस्ट स्कूल बरियातू की टीम ने जुझारू खेल का प्रदर्शन किया और डॉन बॉस्को को 1-0 के मामूली अंतर से हराकर खिताबी जीत हासिल की। बालिका वर्ग में भी मुकाबला बेहद कड़ा रहा। अंडर-17 बालिका वर्ग में मेजबान माउंट कार्मेल स्कूल ओरमांझी ने अपना दबदबा कायम रखते हुए उर्सलाइन कॉन्वेंट खूंटी को 2-0 से पराजित कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। वहीं,अंडर-19 बालिका वर्ग के अंतिम मुकाबले में एसडीए स्कूल खूंटी की टीम ने लोरेटो कॉन्वेंट डोरंडा को 2-0 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। खेल समाप्ति के बाद मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सभी विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस खेल महाकुंभ के अवसर पर डॉन बॉस्को स्कूल के प्राचार्य फादर उज्जवल बांडो बतौर स्पेशल गेस्ट उपस्थित रहे। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए माउंट कार्मेल स्कूल मैनेजमेंट कमेटी को धन्यवाद दिया। मौके पर माउंट कार्मेल स्कूल के निदेशक फादर दीपक,उपनिदेशक फादर नेल्सन,प्राचार्या सिस्टर टेशिन,शिक्षक सुनील कुमार कागरा,सत्येंद्र कुमार,संतोष उरांव,रोहित केरकेट्टा,राजेश चौड़े,फिरोज अंसारी,जोविता सरल सरदाना,फेबी फिलिप,फ्रांसिस टूटी,विनीत लोंग सहित सभी टीमों के कोच,मैनेजर और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Spread the love