रांची: झारखंड प्रदेश भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की कार्यकारिणी बैठक वं महाधिवेशन शनिवार को राँची में सफलतापूर्वक शनिवार को संपन्न हुआ। बैठक के प्रारंभ में इंटक के सभी नेताओं व प्रतिनिधियों ने इंटक के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही चतरा जिला इंटक के अध्यक्ष साबिर हुसैन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भी श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। वक्ताओं ने चंद्रशेखर दुबे के संघर्षपूर्ण जीवन एवं मजदूर हितों के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए इंटक मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूत बना जाएगा। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने मजदूरों की ज्वलंत समस्याओं, श्रमिक अधिकारों तथा केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार नए श्रम संहिताओं पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि यदि इन श्रम कानूनों को वर्तमान स्वरूप में लागू किया गया तो इससे देश के करोड़ों मजदूरों के अधिकार कमजोर होंगे। सभी प्रतिनिधियों ने श्रमिक हितों की रक्षा हेतु एकजुट होकर संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान इंटक के राष्ट्रीय महासचिव एन. जी. अरुण ने संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान, श्रमिक आंदोलन एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
