पारस टोली में डालसा के 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान का आगाज

Ek Sandesh Live

​MUSTFA

मेसरा (रांची): झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के तत्वावधान में रविवार को ओरमांझी प्रखण्ड के पारस टोली में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष सह माननीय न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना एवं रांची के माननीय न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा (प्रथम) के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव राकेश रौशन की गरिमामयी उपस्थिति में सुनिश्चित हुआ है। ​जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने झालसा की महत्वाकांक्षी योजना ‘प्रोजेक्ट निरोगी भवः’ पर विशेष प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि इस कल्याणकारी प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य राज्य के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना, भूख को कम करना और कुपोषण को मिटाना है। योजना के तहत समाज के सबसे कमजोर और वंचित वर्ग के लोगों को सूचीबद्ध सरकारी व निजी अस्पतालों में पूरी तरह कैशलेस और मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाती है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने से लेकर दवा, जांच, डॉक्टर की फीस और आईसीयू तक का खर्च शामिल है, ताकि पैसे के अभाव में कोई इलाज से वंचित न रहे। ​शिविर में ग्रामीणों को डालसा, रांची की ओर से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, प्री-लिटिगेशन और लोक अदालत के फायदों से अवगत कराया गया। कार्यरत पारा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) ने ग्रामीणों को आगामी 12 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी और इसका लाभ उठाने की अपील की। ​ग्रामीणों को बताया गया कि पीएलवी उनके सहयोग के लिए थाना, प्रखण्ड और पंचायत स्तर पर मुस्तैद हैं। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों के बीच कानूनी अधिकारों से जुड़े पम्पलेट और लिफलेट का वितरण किया गया। ​इस अवसर पर डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा के साथ पीएलवी आशीष बैठा, किरण कुमारी, रामजीत महतो, दीपक गंझू, शिला तिग्गा, संतोष कुमार, जगमोहन मुंडा और चालक राजा वर्मा सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love