सस्ती दर पर खाद मिलने से खिल उठे किसानों के चेहरे
AMIT RANJAN
सिमडेगा: करीब एक वर्ष पूर्व अवैध यूरिया कारोबार के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई में जब्त 340 बोरी यूरिया आखिरकार न्यायालय के आदेश के बाद उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं केरसइ थाना प्रभारी को शामिल करते हुए उपायुक्त सिमडेगा द्वारा यूरिया निष्पादन समिति का गठन किया गया था उक्त समिति के माध्यम से जप्त यूरिया का वितरण किसानो के बीच कर दी गई। बरसात के मौसम में सस्ती दर पर खाद मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे।
जानकारी के अनुसार उपायुक्त सिमडेगा के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान में अवैध रूप से परिवहन कर लाये जा रहे 340 बोरी यूरिया जब्त की गई थी। मामले में सनहा दर्ज कर खाद को केरसई थाना में सुरक्षित रखा गया था। न्यायालय से नीलामी की अनुमति मिलने के बाद निष्पादन समिति के द्वारा सोमवार को प्रत्येक किसान को सरकारी दर पर यूरिया उपलब्ध कराया गया।
यूरिया वितरण कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो, अंचल अधिकारी देवकांत सिंह, थाना प्रभारी विनायक कुमार पांडे, एटीएम अवधेश मेहर, एटीएम अनु सोफिया एक्का, एफपीओ नरेश कुमार बेसरा तथा सभी कृषक मित्र उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों के बीच व्यवस्थित तरीके से यूरिया का वितरण किया गया।
बरसात के इस महत्वपूर्ण कृषि सीजन में कम कीमत पर यूरिया मिलने से किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की। किसानों ने कहा कि समय पर खाद उपलब्ध होने से धान एवं अन्य खरीफ फसलों की खेती में काफी मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने अवैध उर्वरक कारोबार पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई की भी सराहना की। कार्यक्रम के दौरान किसानों से अपील की गई कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और कहीं भी अवैध रूप से खाद की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
