MUSTFA
मेसरा (रांची): राजधानी रांची के थानों में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शुरू की गई पहल रंग लाने लगी है। इसी कड़ी में बीते बुधवार को बीआईटी मेसरा ओ.पी. परिसर में विशेष जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों ने खुद मौजूद रहकर जनता की फरियादें सुनीं। इस दौरान कुल पांच आवेदन प्राप्त हुए,जिनमें से तीन मामलों का पुलिस टीम ने मौके पर ही निष्पादन कर दिया।
वहीं, शेष दो आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मामले को लेकर थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा,पुलिस प्रशासन आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। क्षेत्र के नागरिक अपनी किसी भी समस्या,भूमि विवाद या आपसी मनमुटाव को लेकर हर बुधवार को बेझिझक ओ.पी. परिसर आ सकते हैं। गौरतलब है कि रांची जिला के विभिन्न थानों में हर बुधवार को इस तरह की जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है,ताकि लंबित शिकायतों का जल्द समाधान हो सके और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में थाना प्रभारी अजय कुमार दास के साथ पुअनी रामेश्वर वर्मा,पुअनी अभय कुमार और सअनी संतोष कुमार सिंह ने सक्रिय योगदान दिया।
