Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : जिले की बहरागोड़ा पुलिस ने कीमती रत्न पन्ना की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम खंडेलवाल ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहरागोड़ा बस स्टैंड के समीप कीमती पन्ना की खेप लेकर सौदा करने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों के पास खड़े तीन युवक भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी विनय पातर की स्कूटी की डिक्की से सफेद प्लास्टिक में पैक 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुराकाटी निवासी विनय पातर, सिद्धेश्वर कालिंदी तथा श्यामासुन्दरपुर निवासी स्नेहाशिश मंगराज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपित विनय पातर के खिलाफ वर्ष 2018 में गुड़ाबांदा थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने अदालत में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है कि बरामद पन्ना की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है और इसे किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में खनिज एवं बहुमूल्य रत्नों की अवैध तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में घाटशिला के एसडीपीओ के अलावा बहरागोड़ा थाना के सह थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, रामप्रवेश राय, राहुल कुमार, पंकज कुमार पासवान, ओम शरण तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
