Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के चौथे क्वार्टर फाइनल में रविवार को मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब 16 जुलाई को दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का सामना इंग्लैंड से होगा। इंग्लैंड ने नॉर्वे को एक्स्ट्रा टाइम में 2-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। इंग्लैंड ने जूड बेलिंगहैम के बेहतरीन दो गोलों की बदौलत फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पहला सेमीफाइनल 15 जुलाई को स्पेन और फ्रांस के बीच खेला जाएगा।
10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही स्विस टीम मुकाबले को अतिरिक्त समय तक खींचने में सफल रही : कैनसस सिटी (अमेरिका) के कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले का फैसला निर्धारित 90 मिनट में नहीं हो सका, क्योंकि दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसके बाद अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना ने दो गोल दागकर शानदार जीत दर्ज की। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहने के बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा। जूलियन अल्वारेज के 112वें मिनट में शानदार गोल से अर्जेंटीना 2-1 से आगे हो गई। इसके बाद स्विट्जरलैंड ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना के लौटारो मार्टिनेज ने (120+1वें मिनट में) गोल दागकर 3-1 से जीत पर मुहर लगा दी। अर्जेंटीना के लिए मैच की शुरुआत शानदार रही। 10वें मिनट में कप्तान लियोनेल मेसी की कॉर्नर किक पर एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद अर्जेंटीना ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और हाफटाइम तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने शानदार वापसी की। खेल के 67वें मिनट में डैन एनडोए ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हालांकि 72वें मिनट में स्विट्जरलैंड को बड़ा झटका लगा। स्ट्राइकर ब्रील एम्बोलो को दूसरा येलो कार्ड मिलने के बाद रेफरी ने रेड कार्ड दिखाते हुए मैदान से बाहर भेज दिया। इसके बावजूद 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही स्विस टीम ने निर्धारित समय तक अर्जेंटीना को बढ़त लेने का मौका नहीं दिया और मुकाबले को अतिरिक्त समय तक खींचने में सफल रही। हालांकि, अल्वारेज और मार्टिनेज ने अतिरिक्त समय में गोल कर अर्जेंटीना को सेमीफाइनल का टिकट दिला दिया।
नॉर्वे को 2-1 से हराकर फीफा विश्व कप-2026 के सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड : इससे पहले इंग्लैंड ने जूड बेलिंगहैम के बेहतरीन दो गोलों की बदौलत फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। फ्लोरिडा के मियामी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक क्वार्टरफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने नॉर्वे को एक्स्ट्रा टाइम में 2-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। मैच का फैसला निर्धारित 90 मिनट में नहीं हो सका। रेगुलर टाइम समाप्त होने तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में बेलिंगहैम ने विजयी गोल दागकर इंग्लैंड को यादगार जीत दिलाई। नॉर्वे ने मैच का पहला गोल 36वें मिनट में किया। एंड्रियास श्जेल्डरुप ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, इंग्लैंड ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया और कुछ मिनट बाद जूड बेलिंगहैम ने बराबरी का गोल दाग दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। नतीजतन मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया। एक्स्ट्रा टाइम की शुरुआत में ही जूड बेलिंगहैम ने 93वें मिनट में अपना दूसरा और मैच का निर्णायक गोल दागा। इस गोल के बाद इंग्लैंड ने बढ़त कायम रखी और आखिरकार 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच के बाद इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस टुचेल ने कहा कि नतीजा शानदार रहा है। हम टूर्नामेंट की आखिरी चार टीमों में पहुंच गए हैं, जो हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, हमने कुछ गलतियां भी कीं। हमारी गति उतनी अच्छी नहीं थी और खेल में निरंतरता की कमी रही। आज किस्मत हमारे साथ थी।
