राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

360°

By Kuldeep Ram


टंडवा: चतरा पुलिस ने टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधियों को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी कोयला साइडिंग की रेकी कर कारोबारियों में दहशत फैलाकर लेवी वसूलने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो गांव में हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल विशेष छापेमारी दल का गठन कर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने कारो गांव में घेराबंदी कर तीनों अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बोकारो जिले के संजय मुर्ती, आलोक कुमार सिंह व हजारीबाग जिले के अजय करमाली के रूप में हुई है।

कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने की थी साजिश

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि तीनों अपराधी राहुल दुबे गैंग से जुड़े हुए हैं। ये टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में संचालित कोयला साइडिंग और कारोबारियों की गतिविधियों की रेकी कर रहे थे। इसके बाद कारोबारियों में भय का माहौल बनाने के लिए फायरिंग की घटना को अंजाम देकर लेवी वसूलने की योजना थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों की साजिश समय रहते विफल हो गई।

Spread the love