खूंटी महिला थाना प्रभारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

खूंटी : मानव तस्करी निराेधक ईकाई (एएचटीयू) सह महिला थाना प्रभारी पुलिस उप निरीक्षक सुलेखा कुमारी सपना को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने यह कार्रवाई खूंटी के हुरलुंग निवासी श्याम कुमार की शिकायत के सत्यापन के बाद की। आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पीड़ित ने शिकायत की थी कि उसके विरुद्ध महिला थाना में एक मामला कांड संख्या-06/2025 दर्ज है। मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी ने केस से राहत दिलाने और सहयोग करने के एवज में चार लाख 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर गुरुवार को एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को पिपराटोली खूंटी के समीप से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी को गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम उसे अपने साथ रांची ले गई। मामले में आगे की करवाई जारी है।

Spread the love