Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम के सक्रिय रहने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 7 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा पतरातू में दर्ज की गई। वहीं, इस अवधि में राज्य का सर्वाधिक तापमान सरायकेला में 35.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान रांची के कांके में 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 3 अगस्त तक झारखंड में 538.7 मिलीमीटर सामान्य वर्षा के मुकाबले 384.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 29 प्रतिशत कम है। सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। राज्य के प्रमुख शहरों में सोमवार को दर्ज तापमान की बात करें, तो रांची में अधिकतम 30.6 डिग्री और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में अधिकतम 33.9 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि चाईबासा में अधिकतम 35.0 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने तथा जारी मौसम संबंधी परामर्श का पालन करने की अपील की है।
