प्रभावित मोहल्लों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, नियमित साफ-सफाई जारी
SUNIL
साहिबगंज: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नगर परिषद द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने, स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संक्रमण के संभावित खतरे को कम करने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत नगर परिषद के सफाई कर्मियों द्वारा नया टोला, ओझा टोला, शकुंतला सहाय घाट, हबीबपुर, पाइप रोड, बाईसीस्थान सहित अन्य प्रभावित मोहल्लों में ब्लीचिंग पाउडर का व्यापक रूप से छिड़काव किया गया। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से साफ-सफाई कर गंदगी एवं जलजमाव से उत्पन्न होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रतिदिन सफाई कर्मियों को लगाकर साफ-सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है, ताकि जलजमाव और बाढ़ के कारण संक्रमण फैलने की आशंका को कम किया जा सके।
नगर परिषद प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। जलजमाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा आसपास गंदगी जमा न होने दें। किसी भी प्रकार की समस्या या स्वच्छता संबंधी शिकायत होने पर तत्काल नगर परिषद प्रशासन को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
