Eksandeshlive Desk
साहिबगंज: पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में शनिवार को पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने शहीद चंद्र राय सोरेन एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि यह पुस्तकालय की शुरुआत है। वर्तमान में लगभग 425 पुस्तकों के साथ इसकी शुरुआत की गई है। आने वाले समय में पुस्तकालय को और अधिक विकसित किया जाएगा तथा इसमें विभिन्न विषयों की उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ अध्ययन में रुचि रखने वालों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
स्वतंत्रता दिवस पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित: इस अवसर पर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में राष्ट्रीय गान के बेहतर प्रदर्शन में शामिल स्कूली छात्राओं को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सितंबर माह के तीसरे सप्ताह से पूरे जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पुलिस पदाधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आम लोगों को साइबर ठगी से बचाव, साइबर अपराध, यातायात नियमों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करेंगे। पुलिस का उद्देश्य लोगों को अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक एवं सतर्क बनाना है। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पुलिस विभाग को विभिन्न अवसरों पर प्राप्त हुए मोमेंटो, सम्मान एवं पुरस्कारों को प्रदर्शित करने के लिए तैयार किए गए स्थान का भी पुलिस अधीक्षक ने उद्घाटन किया। यहां पुलिस विभाग एवं पदाधिकारियों को प्राप्त विभिन्न सम्मान और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है, ताकि पुलिस विभाग की उपलब्धियों को संरक्षित और प्रदर्शित किया जा सके। कार्यक्रम में सभी थाना प्रभारी, मेजर रोहित दुबे, डीएसपी रविकांत साव, राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी सहित जिले के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
