जेएसएससी- सीजीएल पेपर लीक मामले में सीआईडी का कोडरमा में देर रात छापा, दो लोग हिरासत में

Crime

Eksandeshlive Desk

कोडरमा: जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली की जांच का दायरा अब कोडरमा तक पहुंच गया है।मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने गुरुवार देर रात जिले में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में दबिश दी। यहां राजेश यादव, पिता जगदीश यादव के घर पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया गया। इसके बाद टीम ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के पूर्णानगर रोड में कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार, पिता रामदेव सिंह को हिरासत में लिया।

जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पूर्व में पकड़े गए आरोपितों और कथित बिचौलियों से पूछताछ के दौरान दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद एसआईटी ने इनके संभावित संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई और देर रात कार्रवाई की। इन्हें कोडरमा थाना लाया गया और फिर रांची ले जाया गया है। अब रांची में दोनों से कथित परीक्षा सिंडिकेट से संपर्क, प्रश्नपत्र के लेन-देन, परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने तथा संभावित आर्थिक लेन-देन को लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, दोनों की कथित भूमिका को लेकर सीआईडी या स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। एसआईटी की पूछताछ में यदि नए नाम और संपर्क सामने आते हैं, तो कोडरमा में जांच का दायरा और बढ़ सकता है। देर रात हुई इस कार्रवाई ने जिले में सीजीएल परीक्षा के कथित नेटवर्क को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

Spread the love