एससी/एसटी एक्ट में युवक गिरफ्तार
AMIT RANJAN
सिमड़ेगा/कोलेबिरा: कोलेबिरा थाना क्षेत्र में रैसिया पंचायत की मुखिया महिमा लकड़ा से पंचायत की विकास योजनाओं को लेकर कथित रूप से रंगदारी मांगने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में पुलिस ने जगरनाथ प्रसाद उर्फ जगरू को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर बानो सर्किल इंस्पेक्टर भिखारी राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुखिया महिमा लकड़ा की लिखित शिकायत के आधार पर कोलेबिरा थाना कांड संख्या 64/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने पंचायत की विकास योजनाओं से संबंधित कार्य देने के नाम पर रंगदारी की मांग की तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कथित रूप से 10 हजार रुपये ले लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी जगरनाथ प्रसाद उर्फ जगरू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी का क्षेत्र में भय और दबदबा था, जिसके कारण उसके खिलाफ शिकायत करने में लोग कथित रूप से हिचकते थे।
पुलिस ने आरोपी के पूर्व आपराधिक इतिहास का भी उल्लेख किया है। पुलिस के अनुसार जगरनाथ प्रसाद के खिलाफ कोलेबिरा थाना में वर्ष 2025 और 2026 में पूर्व के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में उसके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई किए जाने की भी जानकारी दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी अभियान में कोलेबिरा थाना प्रभारी पु०अ०नि० जितेन्द्र कुमार, पु०अ०नि० देवीदास मुर्मू, स०अ०नि० जगबंधु हाजरा समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे
