By Mustaffa
मेसरा (रांची): बैंक से पैसे निकालने के दौरान अचानक लापता हुए 7 वर्षीय शुभम मुंडा को ओरमांझी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल ढूंढ निकाला और उसकी मां को सौंप दिया। शनिवार को नेवरी स्थित बैंक गई विमला देवी का बेटा शुभम (तीसरी कक्षा का छात्र,मायापुर) अचानक भीड़ में उनसे बिछड़कर भटक गया था। परेशान मां दिनभर अपने कलेजे के टुकड़े को तलाशती रही। इसी बीच एक स्थानीय नागरिक की सूचना पर ओरमांझी पुलिस ने मासूम को अपनी सुरक्षा में लिया। पूछताछ में बच्चे द्वारा पिता का नाम सरतू मुंडा और गांव का नाम मायापुर बताते ही पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचित किया। थाने में बेटे को सही-सलामत देखकर बिलखती मां के चेहरे पर राहत और खुशी की मुस्कान लौट आई।
