Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के साथ संवाद किया। प्रधानमंत्री ने एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रपति अल-सिसी के साथ शानदार बातचीत हुई। हमने कई मुद्दों पर चर्चा की, विशेष रूप से क्षेत्रीय मुद्दों और भारत-मिस्र की दोस्ती पर, जो हाल के दिनों में काफी मजबूत हो रही है।
वहीं, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मुलाकात को उन्होंने बेहद सुखकारी बताया। उन्होंने कहा कि उनकी गर्मजोशी, सकारात्मकता और आशावादिता हमेशा ही मन को मोह लेती है। भारत और इंडोनेशिया विभिन्न क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को और मजबूत करते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत की मेजबानी में ब्रिक्स देशों की शिखर वार्ता नई दिल्ली में हो रही है। प्रधानमंत्री वार्ता के इतर सम्मेलन में भाग लेने आए देशों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में विदेश मंत्री भी अपने समकक्षों से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने आज सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद से मुलाकात की। उन्होंने एक्स पर कहा कि क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के विषयों पर विचार-विमर्श किया।
