सात नंबर मुस्लिम मुहल्ले में हादसा: घर का सारा सामान मलबे में दबा
RAJU CHAUHAN
धनबाद: लोयाबाद थाना क्षेत्र के सात नंबर मुस्लिम मुहल्ला में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक रिहायशी मकान अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया। मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान के पूरी तरह ध्वस्त हो जाने से घर के अंदर रखा सारा सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस व बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने आसपास के मकानों की सुरक्षा का भी आकलन किया, ताकि किसी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
