झारखंड की पाक विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान

360° Ek Sandesh Live

पर्यटन निदेशक ने कलिनरी एक्सपीडिशन दल को घाटशिला किया रवाना

RANJEET KUMAR

रांची: होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), रांची की ओर से गुरुवार को तीन दिवसीय ‘झारखंड टूरिज्म कॉन्क्लेव एवं कलिनरी एक्सपीडिशन-2026’ का शुभारंभ होटल बिरसा विहार में हुआ। पर्यटन निदेशक नमन प्रियेस लकड़ा ने एक्सपीडिशन दल को हरी झंडी दिखाकर चेंगजोरा हेरिटेज विलेज, घाटशिला के लिए रवाना किया।

24 से 26 सितंबर तक आयोजित कॉन्क्लेव की थीम ‘डेस्टिनेशन झारखंड: फ्रॉम हिडन जेम टू ग्लोबल अट्रैक्शन’ रखी गई है। इसके माध्यम से राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

चेंगजोरा हेरिटेज विलेज में प्रतिभागी संथाल और हो समुदाय के पारंपरिक भोजन, स्थानीय अनाज, कंद-मूल, जंगली फल, मसालों और खाद्य संरक्षण तकनीकों की जानकारी लेंगे। यहां लाइव ट्राइबल कुजीन, कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन तथा लोकनृत्य-संगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके बाद दलमा वन्यजीव अभयारण्य और दशम फॉल्स में पर्यटन एवं स्थानीय खान-पान की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा।

पर्यटन निदेशक ने कहा कि इस पहल से स्थानीय व्यंजनों और पारंपरिक ज्ञान को पहचान मिलने के साथ पर्यटन का लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचेगा। आईएचएम रांची के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव में पर्यटन अवसंरचना, ब्रांडिंग, एडवेंचर और कलिनरी टूरिज्म पर विशेषज्ञ संवाद भी होंगे। कार्यक्रम में जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, उपनिदेशक राजीव कुमार, विभिन्न होटलों के महाप्रबंधक, प्रसिद्ध शेफ और खाद्य विशेषज्ञ उपस्थित थे।

Spread the love