रांची में विभिन्न चिकित्सक संगठनों की राज्यस्तरीय बैठक, 21 अक्टूबर को राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन
Ranjeet Kumar
रांची: झारखंड के विभिन्न चिकित्सक संगठनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर संयुक्त आंदोलन का ऐलान किया है। रविवार को रांची में आयोजित राज्यस्तरीय संयुक्त चिकित्सा बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे डॉक्टरों और चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों ने आंदोलन की चरणबद्ध रूपरेखा तय की। संगठनों के अनुसार झारखंड गठन के बाद विभिन्न चिकित्सक संगठनों की यह सबसे बड़ी संयुक्त बैठकों रही। बैठक में डॉक्टरों ने सरकार के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। बैठक में संयुक्त कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित करने और साझा एजेंडे के तहत आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में डॉक्टरों की सुरक्षा एवं संरक्षण को प्रमुख मुद्दा बनाया गया। इसके अलावा Clinical Establishment Act में संशोधन, 50 बेड तक के छोटे एवं मध्यम अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिक को CEA से मुक्त करने, सरकारी चिकित्सकों के लिए DACP/Dynamic ACP, जूनियर डॉक्टरों की समस्याओं, आयुष्मान भारत के तहत उचित पैकेज दर एवं समय पर भुगतान, लंबित दावों के समाधान, अस्पतालों के लिए Single-Window System तथा मेडिकल विद्यार्थियों के स्टाइपेंड जैसे मुद्दों को साझा मांगों में शामिल किया गया।
21 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं तो 22 से कार्य बहिष्कार: संयुक्त संगठनों ने आंदोलन को कई चरणों में चलाने का निर्णय लिया है। 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक संगठनात्मक तैयारी की जाएगी। 5 से 8 अक्टूबर तक जन जागरूकता अभियान चलाकर डॉक्टर अपनी मांगों और आंदोलन के कारणों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। इस दौरान विरोध स्वरूप काला बिल्ला लगाने का कार्यक्रम भी रखा गया है। 9 अक्टूबर को रांची में राज्यस्तरीय तथा जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की वजह और मांगों को सार्वजनिक किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर जनसंपर्क और सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान चलाया जाएगा। 21 अक्टूबर को राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन में सरकारी और गैर-सरकारी चिकित्सकों की संयुक्त भागीदारी होगी। चिकित्सक संगठनों ने कहा कि यदि 21 अक्टूबर तक प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 22 अक्टूबर से राज्यभर में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। इस संयुक्त पहल में IMA Jharkhand, JHASA, IMA HBI, AHPI, FAIMA, Junior Doctors Network (JDN), Junior Doctors Association (JDA), IMA Women’s Wing और Medical Student Network (MSN) सहित विभिन्न संगठन शामिल हैं। बैठक का साझा संदेश “एकजुट संगठन, साझा एजेंडा, संयुक्त कार्रवाई” रहा।
