प्रतापपुर (चतरा):प्रखंड मुख्यालय के प्रतापपुर-जोरी मार्ग स्थित प्रीमियर एकेडमी में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मो. शाहनवाज खान ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी और देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि गांधी और शास्त्री जयंती केवल स्मरण करने का दिन नहीं, बल्कि उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रहित को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को गांधीजी एवं शास्त्रीजी के आदर्शों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।मौके पर विद्यालय के उप प्राचार्य मृत्युंजय शर्मा, शिक्षक अजय सिंह, बीरेन्द्र कुमार, प्रभात कुमार सहित अन्य शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
