रात्रिकालीन फुटबॉल टूनार्मेंट का भव्य समापन: पेनाल्टी शूटआउट में सिमडेगा पुलिस बनी विजेता

360° Ek Sandesh Live

सिमडेगा । जलडेगा प्रखंड स्थित गांगुटोली खेल मैदान में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार रात भव्य समापन हुआ। रोशनी से नहाए मैदान में शनिवार तड़के 4 बजे तक चले इस रोमांचक आयोजन में हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रतियोगिता के अंतिम दौर में पेनाल्टी शूटआउट के जरिए पुलिस टीम सिमडेगा ने कोनबेगी को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर की गई।
आयोजन समिति ने इस वर्ष दर्शकों के मनोरंजन के लिए एक अनोखी पहल की। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में पतिअंबा को हराकर पुलिस टीम सिमडेगा ने फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद कोलकाता और चाईबासा से विशेष रूप से आमंत्रित किन्नर टीमों के बीच एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच खेला गया। मैदान में उतरते ही दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। इस रोमांचक मुकाबले में चाईबासा की किन्नर टीम ने कोलकाता को 2-0 से पराजित किया। मैच में मोतीलाल साहू और नजीम अंसारी ने रेफरी की भूमिका निभाई।
बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला कोनबेगी और पुलिस टीम सिमडेगा के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद हुए पेनाल्टी शूटआउट में सिमडेगा पुलिस टीम ने 2 गोल से जीत दर्ज कर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मैच में अजय साहू, बजरंग नाग और राजीव कुमार साहू ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
टूनार्मेंट के दौरान नागपुरी, भोजपुरी और हिंदी गीतों पर डांसरों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कई मौकों पर दर्शक इतने उत्साहित हो गए कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा। पूरे मैदान में रातभर मेले जैसा माहौल बना रहा। समापन समारोह में जलडेगा थाना प्रभारी सकलदेव महतो ने विजेता पुलिस टीम सिमडेगा को 21,051 रुपये की नकद राशि व विजेता शील्ड देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता कोनबेगी टीम को 15,051 रुपये और रनर-अप शील्ड प्रदान की गई। इसके अलावा बेस्ट गोलकीपर, मैन आॅफ द मैच सहित कई अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।समारोह में बीडीओ डॉ. प्रवीण कुमार, कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, कोलेबिरा प्रमुख दुतामी हेमरोम, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन होरो, अमर तोपनो, पवन साहू और भोला दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष मोतीलाल साहू, जुनूल सुरीन, महावीर साहू, मोहित उर्फ अरुण नाग, गोविंद द्विवेदी, मन्ना अंसारी, साहिल अंसारी, तस्लीम अंसारी, रमेश साहू और टिकेश्वर सामंत का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन किशन बड़ाईक व मो. इरफान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष मोतीलाल साहू ने प्रस्तुत किया।

Spread the love