आईसीआईसीआई बैंक के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में एसबीयू के 29 विद्यार्थियों का हुआ चयन

360° Ek Sandesh Live

रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के प्लेसमेंट विभाग की ओर से 2027 में उत्तीर्ण होने वाले बीबीए, बी.कॉम., बीसीए व बीए के विद्यार्थियों के लिए आईसीआईसीआई बैंक के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। ड्राइव के लिए 150 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में आयोजित एप्टीट्यूड टेस्ट के बाद 86 विद्यार्थी साक्षात्कार के लिए चयनित हुए। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात् कुल 29 विद्यार्थियों का चयन रिलेशनशिप मैनेजर के पद के लिए किया गया। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 5.50 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी का अवसर प्राप्त होगा। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा, उनकी व्यावसायिक तैयारी तथा उद्योग जगत के साथ विश्वविद्यालय के निरंतर मजबूत होते संबंधों को दशार्ती है। विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट विभाग विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वर्ष 2026 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के प्लेसमेंट अभियान के दौरान भी अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। इनमें ईवाई, बिड़ला ओपस, टीसीएस, डेलॉइट, आईडीबीआई बैंक, गोदरेज, आईटीसी होटल्स लिमिटेड, शोभा लिमिटेड, जीई एयरोस्पेस, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, बर्जर पेंट्स, डीमार्ट, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, स्टरलाइट इलेक्ट्रिक लिमिटेड, बजाज फाइनेंस, इन्फो एज (नौकरी डॉट कॉम), सीएट टायर्स, केईसी इंटरनेशनल, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, इंडस टावर्स, आर. आर. केबल लिमिटेड, ए. ओ. स्मिथ, श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड सहित कई अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल थीं। सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान,महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक,कुलपति प्रो सी जगनाथन व राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।

Spread the love