राशन कार्ड से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाये : उपायुक्त

360°

Eksandeshlive Desk

मेदिनीनगर (पलामू) : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। बैठक में राशन कार्ड डिजिटाइजेशन, लंबित आवेदन, एनएफएसए एवं जेएसएफएसएस के तहत खाद्यान्न वितरण, ई-केवाईसी, शिकायत निवारण, धान अधिप्राप्ति सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गयी। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने बताया गया कि जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत 18 लाख से अधिक लाभुक आच्छादित हैं, जबकि सीमित रिक्तियों के कारण नए आवेदन स्वीकृति पर रोक है। उपायुक्त शेखावत ने लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि राशन कार्ड से संबंधित नए आवेदन, सदस्य जोड़ने एवं अन्य लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाये।

खाद्यान्न वितरण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अप्रैल 2026 में जिले में लगभग 86 प्रतिशत वितरण हुआ है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शेष लाभुकों तक भी समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। मई 2026 के लिए खाद्यान्न उठाव एवं डोर-स्टेप डिलीवरी की समीक्षा में पाया गया कि कुल उठाव की प्रगति संतोषजनक है, परंतु डोर-स्टेप डिलीवरी औसतन लगभग 55 प्रतिशत ही रही है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को डिलीवरी में तेजी लाने और सभी लाभुकों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने के निर्देश दिये। इसी क्रम में जेएसएफएसएस (ग्रीन राशन कार्ड) के तहत खाद्यान्न वितरण की समीक्षा में जिले की प्रगति लगभग 80 प्रतिशत पायी गयी।-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में लगभग 75 प्रतिशत लाभुकों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने शेष लाभुकों का ई-केवाईसी अभियान चलाकर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पहुंचे।सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना की समीक्षा में पाया गया कि वितरण की प्रगति लगभग 48 प्रतिशत है। उपायुक्त ने धीमी प्रगति वाले प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर वितरण तेज करने का निर्देश दिया। पीजीएमएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का रीव्यू करते हुए डीसी ने डीएसओ प्रीति किस्कू को इस पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिये।इस दौरान उन्होंने जिला परिषद भवन,प्रखंड कार्यालय परिसर समेत विभिन्न पंचायत भवनों में इस पोर्टल से संबंधित बैनर-पोस्टर के जरिये आमजनों तक इसकी जानकारी प्रदान करने पर बल दिया। मौके पर प्रखंड आपुर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक आदि उपस्थित रहे।

Spread the love